विशाल भारद्वाज, सिवनी। जिले के ग्राम कलारबाकी में आगामी 1 दिसंबर से 8 दिसंबर 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर राय परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। कथा में प.पू. आचार्य मन्नालाल शास्त्री के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा।
आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। आठ दिवसीय कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, भक्त प्रहलाद, ध्रुव चरित्र, राम एवं कृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजन, महारास, रुक्मिणी विवाह सहित अनेक धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
आयोजन के प्रथम दिन 1 दिसंबर को शोभायात्रा के साथ कथा का शुभारंभ होगा। वहीं 8 दिसंबर को हवन, पूजन एवं महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
यह धार्मिक आयोजन बालकराम राय एवं मोहिनिया राय के निवेदन तथा संतोष राय एवं राजेश राय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजक राय परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने एवं धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।








