त्योहारी सीजन में आम लोगों को महंगाई से राहत मिलती नहीं दिख रही है. पहले से ही खाने-पीने की चीजों की ऊंची कीमतों ने घरेलू बजट बिगाड़ रखा है, अब रोजाना इस्तेमाल होने वाले सामान भी जेब पर बोझ बढ़ाने लगे हैं. एफएमसीजी सेक्टर की बड़ी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने कई लोकप्रिय उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं. इसमें साबुन और कपड़े धोने वाले डिटर्जेंट शामिल हैं. दूसरी तरफ चीनी की कीमतें भी लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं. इतना ही नहीं, आने वाले दिनों में अंडे और चिकन के महंगे होने की आशंका भी जताई जा रही है. यानी आने वाले महीनों में आम परिवारों का खर्च और बढ़ सकता है.
सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील खरीदना हुआ महंगा
HUL ने अपने लोकप्रिय डिटर्जेंट ब्रैंड सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के कई पैक की कीमतों में बढ़ोतरी की है. अलग-अलग उत्पादों की एमआरपी में 11 फीसदी तक इजाफा किया गया है. पैक के आकार के आधार पर ग्राहकों को अब 1 से 10 रुपये तक ज्यादा चुकाने होंगे.
Surf Excel Quick Wash के एक किलो वाले पैक की कीमत 235 रुपये से बढ़ाकर 245 रुपये कर दी गई है. इसके 500 ग्राम पैक पर भी 5 रुपये बढ़ाए गए हैं. वहीं, Surf Excel Easy Wash का एक किलो पैक अब 172 रुपये में मिलेगा. सर्फ एक्सेल बार और बड़े बंडल पैक के दाम भी बढ़े हैं.
रिन और व्हील के ग्राहकों को भी अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. Rin Ala के 500 एमएल पैक की कीमत 90 रुपये से बढ़कर 95 रुपये हो गई है. व्हील डिटर्जेंट पाउडर के एक किलो पैक पर 3 रुपये और 500 ग्राम पैक पर 1 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, Moti Gulab साबुन का 150 ग्राम पैक अब 74 रुपये के बजाय 82 रुपये में मिलेगा.
उत्पादन बढ़ा, फिर भी 60 रुपये किलो मिल रही चीनी
चीनी की कीमतों में भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है. इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के आंकड़ों के मुताबिक, 5 नवंबर तक देश में 12.85 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है. पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 3.20 लाख टन था.
इसके बावजूद बाजार में चीनी की औसत खुदरा कीमत लगभग 60 रुपये प्रति किलो बनी हुई है. पिछले साल इसी दौरान इसका भाव करीब 44 रुपये प्रति किलो था. यानी एक साल में कीमतों में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है. पिछले एक महीने के भीतर भी चीनी करीब 5 रुपये प्रति किलो महंगी हुई है.
दिसंबर तक बढ़ सकते हैं अंडे और चिकन के दाम
महंगाई की मार अब पोल्ट्री उत्पादों पर भी पड़ सकती है. उद्योग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि मक्के की कीमतों में बढ़ोतरी, अनाज का इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल और कमजोर मानसून के कारण पोल्ट्री कारोबार की लागत बढ़ रही है.
इसका असर आने वाले समय में ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है. अनुमान के मुताबिक, फिलहाल थोक बाजार में 6 से 7 रुपये प्रति पीस मिलने वाले अंडे दिसंबर तक 7 से 8 रुपये तक पहुंच सकते हैं. इसी तरह बिना स्किन वाले ड्रेस्ड चिकन की कीमत भी 225-250 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 260-275 रुपये प्रति किलो तक जा सकती है.
अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं तो दिसंबर तक रसोई का बजट और बिगड़ सकता है. रोजमर्रा के सामान से लेकर खाने-पीने की चीजों तक की बढ़ती कीमतें आम परिवारों के मासिक खर्च को प्रभावित कर सकती हैं.









