रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा में चोरों ने अब सीधे बैंक के ATM को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पड़रा स्थित SBI के ATM को अज्ञात बदमाशों ने गैस कटर से काटने की कोशिश की। वारदात से पहले CCTV कैमरों पर काला पेंट छिड़ककर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया।
हालांकि, बदमाश कैश निकालने में नाकाम रहे, लेकिन ATM मशीन को नुकसान पहुंचा है। हैरानी की बात यह है कि इसी ATM में दिवाली के दिन भी चोरी की वारदात हो चुकी है। पूरा मामला दीनदयाल धाम पड़रा का है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एसबीआई के एटीएम में घुसकर गैस कटर से मशीन काटने का प्रयास किया। शातिरों ने पहले सीसीटीवी कैमरों पर काला पेंट छिड़का, ताकि उनकी पहचान न हो सके। सुबह लोकल मेंटेनेंस टीम ने तोड़फोड़ की सूचना बैंक अधिकारियों को दी। यह आउटसोर्स ATM है, जिसका रखरखाव हिताची कंपनी करती है।
बैंक प्रबंधन आशीष सिंह के मुताबिक, इस वारदात में कोई वित्तीय नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मशीन क्षतिग्रस्त हुई है।
गौर करने वाली बात यह है कि 10 तारीख को दिवाली के दिन भी इसी ATM में चोरी की घटना हुई थी। बार-बार वारदात के प्रयास के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायत के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अब सवाल है कि एक ही एटीएम को बार-बार निशाना बनाने वाले बदमाशों पर कब शिकंजा कसेगा और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन तय करेगा?









