कानपुर/खबर डिजिटल/ कानपुर के GSVM मेडिकल कॉलेज के न्यूरो PGI विभाग में, डॉक्टरों की एक टीम ने AI की मदद से 16 साल के किशोर की जटिल रीढ़ की सर्जरी की। 27 नवंबर को डॉ. मनीष सिंह के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने यह सर्जरी की, जो 8 घंटे तक चली। इस ऑपरेशन में डॉक्टरों ने 16 पेंच और 2 विशेष धातु की रॉड की मदद से किशोर की टेढ़ी रीढ़ को सीधा किया। डॉक्टरों ने पहले CT स्कैन और MRI की मदद से रीढ़ की हड्डी का मैप तैयार किया, और फिर AI के निर्देशों का पालन करते हुए उसमें 16 पेंच लगाए।
जन्म से रीढ़ की हड्डी में थी समस्या
गोविंद नाम का किशोर जन्म से ही रीढ़ की हड्डी में विकृति (स्पाइनल डिफॉर्मिटी) समस्या से जूझ रहा था। इस वजह से उसकी रीढ़ सामान्य स्थिति से मुड़ गई थी और पीठ पर कूबड़ बन गया था। उसे चलने-फिरने में भी परेशानी होती थी। और उसे दर्द की भी शिकायत थी।
AI की मदद से डॉक्टरों ने की सर्जरी
27 नवंबर को न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह के नेतृत्व में आठ सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने यह ऑपरेशन किया। सर्जरी से पहले मरीज की सीटी स्कैन और एमआरआई जांच कराई गई। इन जांचों से जो जानकारी मिली, उसके आधार पर रीढ़ की हड्डी और नसों की स्थिति का डिजिटल नक्शा बनाया गया।
ऑपरेशन के समय AI पर आधारित न्यूरो नेविगेशन तकनीक ने डॉक्टरों को रीढ़ में पेंच लगाने की सही दिशा और सुरक्षित स्थान की जानकारी देने में मदद की। इसके बाद डॉक्टरों ने 16 पेंच और 2 रॉड की मदद से रीढ़ को सीधा किया।
पहली बार AI आधारित तकनीक से हुई ऐसी सर्जरी
डॉ. मनीष सिंह ने बताया, विभाग में इस तरह की जटिल स्पाइन सर्जरी पहली बार AI आधारित न्यूरो नेविगेशन की मदद से की गई है। करीब 8 घंटे चले ऑपरेशन के बाद किशोर की रिकवरी अच्छी बताई गई है। उसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी हो रही है।
यह भी पढ़ें - KGMU में जूनियर छात्रों की रैगिंग पड़ी भारी: 38 मेडिकल छात्र 3 महीने के लिए सस्पेंड, प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना









