लखनऊ/खबर डिजिटल/: लखनऊ की प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में जूनियर छात्रों से कथित रैगिंग का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। इस पर एनएमसी (नेशनल मेडिकल कमीशन) के सख्त रुख के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच और सिफारिश के आधार पर प्रशासन ने कुल 38 मेडिकल छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है, जिनमें 36 छात्र 2025 बैच के और 2 छात्र 2026 बैच के शामिल हैं। निलंबित किए गए सभी आरोपी छात्रों को तीन महीने के लिए कक्षाओं और हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है। साथ ही, प्रत्येक छात्र पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उनकी छात्रवृत्ति एक साल तक रोक दी गई है।
16 नवंबर को वायरल हुआ था वीडियो
यह मामला 16 नवंबर को सामने आए एक वीडियो से जुड़ा है। वीडियो में एमबीबीएस के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राएं सफेद एप्रन पहने, हाथ पीछे बांधकर और सिर झुकाकर कतार में चलते दिखाई दिए थे। उस दौरान सीनियर छात्रों के गुजरने पर जूनियर छात्र एक साथ 'प्रणाम महोदय जी' और 'प्रणाम मैडम जी' बोलते नजर आए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रैगिंग को लेकर सवाल उठने लगे। जांच कमेटी के मुताबिक, 2025 बैच के दो जूनियर छात्रों की भी इस गतिविधि में भूमिका पाई गई, जिसके बाद उन्हें भी कार्रवाई के दायरे में शामिल किया गया।
NMC ने 24 घंटे में मांगी थी रिपोर्ट
मेडिकल छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठन यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) की शिकायत के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के एंटी रैगिंग सेल ने मामले का संज्ञान लिया था। आयोग ने KGMU के कुलपति और डीन से 24 घंटे के भीतर जवाब और शुरुआती कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी थी।
NMC ने निर्देश दिया था कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और संबंधित CCTV फुटेज सुरक्षित रखे जाएं। वहीं, KGMU प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जूनियर छात्रों को डराने या उनका अपमान करने वाली कोई भी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्रों से ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी को देने की अपील भी की गई है।
यह भी पढ़ें- शुरू हुई Amazon Black Friday Sale, स्मार्टफोन और लैपटॉप पर मिलेगा 85% तक की छूट









