मोकामा के विधायक अनंत सिंह के परिवार में इन दिनों शहनाइयों की गूंज और शादी की भव्य तैयारियों का माहौल है. उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह का तिलकोत्सव शुक्रवार को पटना के दानापुर स्थित दी ऑर्गेनो रिसॉर्ट में होने जा रहा है. इस खास मौके के लिए पूरे रिसॉर्ट को शाही अंदाज में सजाया गया है, जहां अतिथियों के सत्कार, स्वादिष्ट व्यंजनों और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं.
अनुमान है कि इस तिलक समारोह में करीब पांच हजार वीआईपी मेहमान शिरकत करेंगे. आमंत्रित लोगों की सूची में बिहार के कई दिग्गज राजनेता, मंत्री, विधायक, आला प्रशासनिक अधिकारी और समाज के प्रमुख चेहरे शामिल हैं. अनंत सिंह अपने तीनों बेटों और पूरे कुनबे के साथ मेजबानी संभालेंगे. समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण लग्जरी डिफेंडर कार रहेगी, जिसे अनंत सिंह तिलक की रस्म के दौरान अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को उपहार स्वरूप देंगे.
अमेरिका में कार्यरत हैं होने वाले दामाद
शिवांगी सिंह का विवाह पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी रणविजय सिंह के पुत्र ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ तय हुआ है. ऋषिकेश के पिता सीआरपीएफ में कमांडेंट के पद पर तैनात हैं. पढ़ाई की बात करें तो ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है और वे पिछले कई सालों से वहीं नौकरी कर रहे हैं. विवाह की रस्मों से पूर्व बिहटा स्थित उनके नए घर में गृह प्रवेश का आयोजन भी पूरा हो चुका है.
25 नवंबर को पैतृक गांव नदवां में बहेगी खुशियों की बहार
तिलकोत्सव के साथ ही शादी की अन्य पारंपरिक रस्मों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा. कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी व संगीत की महफिल सजेगी. इसके बाद 25 नवंबर को बाढ़ क्षेत्र स्थित अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में मुख्य विवाह समारोह संपन्न होगा. इस महाआयोजन के लिए गांव में दस बीघे से ज्यादा क्षेत्रफल में विशाल पंडाल खड़ा किया जा रहा है, जहां करीब पांच लाख लोगों के महाभोज की व्यवस्था की जा रही है.
25 बीघे में जयमाला मंच और आधा दर्जन हेलीपैड
नदवां गांव में बारातियों और मेहमानों के स्वागत के लिए अभूतपूर्व तैयारियां चल रही हैं. वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए गांव में लगभग छह हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं. इसके अतिरिक्त, करीब 25 बीघा जमीन में भव्य जयमाला स्थल और खानपान के स्टॉल लगाए जा रहे हैं. मेहमानों के मनोरंजन और परंपरा को ध्यान में रखते हुए गांव से करीब एक किलोमीटर दूर घुड़दौड़ के लिए एक विशेष मैदान भी तैयार किया गया है.








