सिवनी/राकेश यादव संवाददाता/ बंडोल ग्राम बांकी में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बंडोल एवं बांकी के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी गीता पाठशाला बांकी की माताओं ने 108 दीप प्रज्वलित कर परमात्मा की याद में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए गांव में रैली निकाली।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी साक्षी दीदी जी ने दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अपने जीवन में ज्ञान, शांति और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का अवसर है। हमें अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने के लिए बुराइयों का त्याग कर अच्छे संस्कार अपनाने चाहिए।
वहीं ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी जी ने ग्राम की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए 108 दीपों के माध्यम से कमेंट्री द्वारा विशेष योग कराया। इस दौरान पूरे गांव में आध्यात्मिक एवं दिव्य वातावरण निर्मित हुआ।

ब्रह्माकुमारीज़ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू से पधारे संत कुमार भाई ने दीपावली से मिलने वाली आध्यात्मिक शिक्षाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम रावण पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटे थे और नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने अंदर की बुराइयों रूपी रावण पर विजय प्राप्त कर जीवन में खुशियों और ज्ञान के दीप जलाने चाहिए।
कार्यक्रम में ग्राम बांकी की परमात्मा सत्संग से जुड़ी माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। बरसा ठाकुर, माया बघेल, मीरा ठाकुर, संगीता जंघेला सहित ब्रह्माकुमारी सत्संग में नियमित रूप से शामिल होने वाली माताओं के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









