दीपावली के पावन पर्व और प्रभु श्री राम के अयोध्या आगमन के प्रकाशोत्सव के अवसर पर, मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर महाकौशल में मां नर्मदा के पवित्र तट गौरी घाट को सरयू नदी की तर्ज पर विकसित किए जाने की बात कही है।
उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, और मां नर्मदा के चरणों में यही प्रार्थना है कि सभी के घरों में सुख-समृद्धि का वास हो तथा क्षेत्र उत्तरोत्तर प्रगति करे।
मंत्री राकेश सिंह ने आगे जानकारी दी कि पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार अब वह समय निकट आ गया है जब निविदा (टेंडर) प्रक्रिया संपन्न होने के बाद आगामी दो से तीन महीनों में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन होगा और निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि जब यह विकास कार्य पूर्ण हो जाएगा, तब मां नर्मदा के किनारे का यह क्षेत्र देश का एकमात्र ऐसा अनूठा और भव्य स्थान बनेगा, जहां देश-विदेश से लोग मां नर्मदा के दर्शन करने और इस अद्भुत स्थल को देखने के लिए पहुंचेंगे।









