घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, वहां रहने वाले पात्र परिवारों को अब LPG से PNG कनेक्शन पर शिफ्ट होना होगा. इसके लिए सरकार ने 90 दिनों की समय सीमा तय की है. अगर कोई उपभोक्ता निर्धारित अवधि में PNG कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं करता है, तो उसका LPG कनेक्शन बंद किया जा सकता है.
नोटिस मिलने के बाद मिलेंगे 90 दिन
सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह व्यवस्था उन सभी घरों पर लागू होगी, जहां तक PNG नेटवर्क पहुंच चुका है. संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियां पात्र उपभोक्ताओं को इस संबंध में नोटिस भेजेंगी.
नोटिस मिलने के दिन से 90 दिनों के भीतर PNG कनेक्शन के लिए आवेदन करना जरूरी होगा. अगर इस अवधि में आवेदन नहीं किया गया, तो समय सीमा पूरी होने के बाद संबंधित घर की LPG सप्लाई रोक दी जाएगी.
PNG कनेक्शन चालू होने तक मिलते रहेंगे LPG सिलेंडर
LPG से PNG में बदलाव के दौरान उपभोक्ताओं को रसोई गैस की किल्लत नहीं होगी. सरकार ने साफ किया है कि 90 दिनों की ट्रांजिशन अवधि में LPG सिलेंडर की सप्लाई पहले की तरह जारी रहेगी. इतना ही नहीं, जब तक घर में PNG कनेक्शन पूरी तरह चालू नहीं हो जाता, तब तक भी LPG की आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी.
यह व्यवस्था 24 मार्च 2026 को जारी सरकारी कंट्रोल ऑर्डर और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) के दिशानिर्देशों के तहत लागू की जा रही है. इसके लिए OMC और CGD कंपनियां मिलकर काम करेंगी.
घर बैठे ऐसे करें PNG कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन
PNG कनेक्शन के लिए उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर की जरूरत होगी. रजिस्ट्रेशन के साथ KYC वेरिफिकेशन भी पूरा करना होगा.
आवेदन करने के लिए mypng.gov.in पोर्टल पर जाएं. यहां मांगी गई जानकारी भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करके प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत
PNG कनेक्शन के रजिस्ट्रेशन और KYC के लिए पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज देने होंगे.
पहचान से जुड़े दस्तावेज:
पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट.
वोटर आईडी या अन्य सरकारी पहचान पत्र.
स्टूडेंट आईडी कार्ड.
पते और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज:
रजिस्टर्ड सेल डीड या रजिस्ट्री के कागजात.
बिजली या पानी का ताजा बिल.
म्यूटेशन सर्टिफिकेट.
सोसाइटी शेयर सर्टिफिकेट.
पजेशन लेटर या अलॉटमेंट लेटर.
इंडेक्स-2 की कॉपी.
नगर निगम का प्रॉपर्टी टैक्स बिल.
PNG इस्तेमाल करने से क्या होगा फायदा?
PNG कनेक्शन लेने के बाद घरों में पाइपलाइन के जरिए सीधे गैस पहुंचेगी. इससे बार-बार सिलेंडर बुक कराने, गैस खत्म होने की चिंता करने और भारी सिलेंडर उठाकर बदलने की परेशानी नहीं रहेगी. उपभोक्ताओं को 24 घंटे गैस सप्लाई की सुविधा मिलेगी.
सरकार का मानना है कि PNG का इस्तेमाल बढ़ने से देश के घरेलू प्राकृतिक गैस संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा. साथ ही आयातित ईंधन पर भारत की निर्भरता भी कम करने में मदद मिलेगी.
अफवाहों से बचें, आधिकारिक नोटिस का करें इंतजार
सरकार ने लोगों से इस बदलाव को लेकर फैलने वाली अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है. उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि गैस कंपनी से आधिकारिक नोटिस मिलने पर समय रहते आवेदन करें, ताकि तय समय सीमा के बाद LPG सप्लाई बंद होने जैसी परेशानी से बचा जा सके.









