BJP New Team:उत्तर प्रदेश की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने नई प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में जारी की गई इस नई सूची में बड़े पैमाने पर नेताओं की अदला-बदली की गई है, जिसमें नए चेहरों और अनुभवी दिग्गजों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।
दिग्गजों को जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में 19 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की कुर्सी सौंपी गई है। इसमें सबसे बड़ा नाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह का है, जिन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाकर संगठन में बड़ी कमान दी गई है। उनके साथ सुरेश राणा और पूजा पाल को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
6 महामंत्रियों की घोषणा
इसके अलावा प्रदेश भाजपा ने रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। तेजतर्रार नेता दिनेश प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश भाजपा का नया प्रवक्ता घोषित किया गया है।
मनीष की वापसी, यतेंद्र को कमान
मनीष दीक्षित पर संगठन ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश मीडिया प्रभारी की कुर्सी सौंपी है। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार रहे यतेंद्र शर्मा को बीजेपी ने संगठन में शामिल करते हुए प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी है।
क्षेत्रीय नेताओं का ऐलान
यूपी के छह क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए नए क्षेत्रीय अध्यक्ष घोषित किए गए हैं, जिसमें पश्चिम क्षेत्र की कमान नवाब सिंह नागर और अवध क्षेत्र का जिम्मा अवधेश द्विवेदी को मिला है। युवाओं को साधने के लिए रोहित मिश्रा को भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष और सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।




