चिली में गर्मियों से पहले जंगल की आग रोकने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश के बायोबायो इलाके में 60 बकरियों को सूखी झाड़ियां और घास साफ करने के लिए तैनात किया गया है। ये वही चीजें हैं, जो गर्मी में आग को तेजी से फैलाती हैं।
बिजली लाइन के नीचे चर रही हैं बकरियां
रिपोर्ट्स के अनुसार, ये बकरियां "बुएना काब्रा" नाम की संस्था की हैं। इन्हें निगरानी में करीब 22,500 वर्ग मीटर जमीन पर चरने के लिए छोड़ा गया है। यह जमीन ज्यादातर मीडियम वोल्टेज बिजली लाइन के नीचे है। बताया जा रहा है कि बकरियां अक्टूबर से दिसंबर के आखिर तक यहीं रहेंगी। यह लगातार तीसरा साल है, जब इन्हें इस जगह पर लगाया गया है।
70 से 80 फीसदी तक कम हुईं झाड़ियां
यह काम कॉन्सेप्सियोन यूनिवर्सिटी के आग से बचाव कार्यक्रम का हिस्सा है। यूनिवर्सिटी के जंगल और संपत्ति विभाग के प्रमुख के मुताबिक, जहां बकरियों ने चरा, वहां 70 से 80 फीसदी झाड़ियां और घास कम हो गई। उन्होंने बताया कि यह तरीका खड़ी ढलान वाली जगहों पर खास तौर पर काम आता है, जहां मजदूरों के लिए सुरक्षित तरीके से काम करना मुश्किल होता है।
32 उपायों में से एक है बकरियों की तैनाती
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के 2026-27 के आग से बचाव कार्यक्रम में कुल 32 उपाय शामिल हैं। बकरियों की तैनाती उन्हीं में से एक है। इसके अलावा इलाके में निगरानी गश्त, सुरक्षा घेरे और वन दल जैसे इंतजाम भी किए गए हैं।
इस बार ज्यादा है आग का खतरा
चिली की राष्ट्रीय वन एजेंसी ने चेताया है कि पूरे देश में इस सीजन आग का जोखिम ज्यादा है। अल नीनो की वजह से कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने का अनुमान है।
गौरतलब है कि इस साल जनवरी में चिली के बायोबायो और न्यूबले इलाकों में भीषण आग लगी थी, जिसमें कई लोगों की जान गई थी। ऐसे में इस बार पहले से तैयारी पर जोर दिया जा रहा है।









