मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने मेडिकल ऑफिसर भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. 1832 पदों के लिए चार हजार से ज्यादा उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया था. आयोग ने 45 दिनों में साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी कर एक महीने के भीतर मुख्य परिणाम घोषित किया. कुल 1649 पदों का रिजल्ट जारी हुआ है, जिसमें 1220 उम्मीदवार चयनित हुए हैं और 186 को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है.
भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश के 2027 नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी अभी से शुरू कर दी है. पार्टी इस बार पुराने चेहरों की बजाय युवा और सक्रिय नेताओं को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है. 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले और लगातार तीन बार पार्षद रह चुके नेताओं को टिकट मिलने की संभावना कम बताई जा रही है.
मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त 13 मई को जारी की जाएगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी गांव से सिंगल क्लिक के जरिए महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे. योजना के तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है.
देशभर में जनगणना प्रक्रिया शुरू होते ही साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं. ठग खुद को जनगणना अधिकारी बताकर लोगों को फर्जी लिंक, OTP और APK फाइल भेज रहे हैं. साइबर पुलिस ने चेतावनी दी है कि इन फाइलों को डाउनलोड करने से मोबाइल हैक हो सकता है और बैंकिंग व निजी जानकारी चोरी हो सकती है.
मध्य प्रदेश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तेजी से आगे बढ़ रही है. अब तक राज्य के 1 लाख 21 हजार से अधिक घरों में सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं. इस योजना के तहत केंद्र सरकार ने 847.13 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है. वहीं 1 लाख 92 हजार से ज्यादा लोगों ने सोलर सिस्टम लगवाने के लिए आवेदन किया है.
भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर नया विवाद सामने आया है. राजधानी के शाही कब्रिस्तान बड़ा बाग के नीचे से प्रस्तावित अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन का मुस्लिम समुदाय विरोध कर रहा है. इस मामले में कमेटी इंतेजामियां औकाफ-ए-आम्मा ने वक्फ ट्रिब्यूनल में याचिका दायर कर निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है. समुदाय का कहना है कि मेट्रो लाइन से हजारों कब्रों के अस्तित्व और संरचना पर खतरा पैदा हो सकता है.
मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी जारी है. रतलाम सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.