रीवा/त्योंथर। अरविंद तिवारी/खबर डिजिटल। उत्तर प्रदेश सीमा से सटे मध्यप्रदेश के रीवा जिले की त्योंथर तहसील के दर्जनभर से अधिक गांवों में इन दिनों ड्रोन उड़ने की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से रात के समय आसमान में एक साथ कई ड्रोन उड़ते देखे जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, ड्रोन देर रात तक गांवों के ऊपर मंडराते रहते हैं। इससे लोगों में चोरी या जासूसी की आशंका गहराती जा रही है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि ड्रोन से घर और खेतों की निगरानी की जा रही है, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि ये विदेशी या संदिग्ध स्रोतों से उड़ाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें – बागेश्वर बाबा को नहीं मिली बंगाल में कथा की परमिशन, बोले – तब तक, बंगाल नहीं जायेंगे – Khabar Digital
डर के कारण कई गांवों के लोग रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। ड्रोन उड़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन फिलहाल कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल पाया है।
प्रशासन ने अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है और ड्रोन उड़ने के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों से जानकारी ली जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और निगरानी के इंतजाम करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें – पुलिस SI भर्ती में स्थानीय युवाओं में फैली निराशा, नियमों के बदलाव की बात – Khabar Digital


