भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में 7500 पदों पर पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के माध्यम से भर्ती की जा रही है, इसके लिए रिकॉर्डतोड़ आवेदन आ चुके हैं। अबकी बार इंजीनियर और PHd होल्डर्स के बीच कम्पटीशन दिखाई देगा। कुल मिलाकर 9.5 लाख आवेदन आए हैं। परीक्षा 10 अक्टूबर को होनी है।
युवाओं में वर्दी का बड़ा मोह
मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 ने राज्य भर में युवाओं का ध्यान आकर्षित किया है। इस पुलिस भर्ती प्रक्रिया में लगभग 9 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। जिनमें विभिन्न शैक्षिक और व्यावसायिक बैकग्राउंड से लोग शामिल हैं। उच्च शिक्षितों का भी पुलिस की वर्दी पहनने के लिए मोह दिखाई दिया है।
4 अक्टूबर तक थी आवेदन में सुधार की तारीख
एमपी पुलिस कांस्टेबल के 7 हजार 500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से 29 सितंबर 2025 तक चली, उम्मीदवारों को 4 अक्टूबर तक अपनी आवेदन पत्र में सुधार करने का मौका दिया गया था। वहीं अब 10 अक्टूबर को फाइनल एग्जाम होगी।
भर्ती परीक्षा की समय सारणी
10 अक्टूबर 2025 को होने वाली पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 से 11:30 बजे, दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। जिसमें समय से 15 मिनट पहले परीक्षा हॉल में पहुंचना होगा।
उच्च शिक्षितों ने बढ़ाया कम्पिटीशन
इस बार की सबसे खास बात यह है कि, 9 लाख युवाओं में विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं के उम्मीदवार शामिल हैं। जिनमें 12 हजार इंजीनियर, 52 हजार पोस्ट ग्रेजुएट्स, 33 हजार ग्रेजुएट्स और 42 पीएचडी धारक भी हैं।
चयन प्रक्रिया
कांस्टेबल परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार की तैयारियों पर ध्यान देना होगा। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग, और हिंदी/अंग्रेजी भाषा की समझ का परीक्षण किया जाएगा। जिसका परिणाम घोषित होने के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा को पास करना होगा, फिर फाइनल सूची तैयार होगी।


