Tuesday, November 3, 2026
Homeव्यापारसीडीएसएल ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित...

सीडीएसएल ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित किए, कंसोलिडेटेड कुल आय में 22% और शुद्ध मुनाफे में 24% की सालाना बढ़ोतरी

  • वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंसोलिडेटेड कुल आय और शुद्ध मुनाफे में साल-दर-साल क्रमशः 19% और 20% का इजाफा हुआ।

मुंबई: एशिया की पहली सूचीबद्ध डिपॉजिटरी और 19 करोड़ से अधिक डीमैट खातों की भरोसेमंद संरक्षक सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड (सीडीएसएल) (NSE: CDSL) ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही और छह महीने की अवधि के लिए अपने ऑडिट किए गए स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों की घोषणा की है।

वित्तीय नतीजों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सीडीएसएल की स्टैंडअलोन कुल आय 359 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 290 करोड़ रुपये के मुकाबले 24% अधिक है। पिछली तिमाही की तुलना में इसमें 10% की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा 163 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 128 करोड़ रुपये से 28% अधिक है। पहली तिमाही के 144 करोड़ रुपये के मुकाबले इसमें 13% की बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में स्टैंडअलोन कुल आय 685 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 602 करोड़ रुपये से 14% अधिक है। वहीं, इस अवधि में शुद्ध मुनाफा 308 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो पिछले साल की पहली छमाही के 280 करोड़ रुपये के मुकाबले 10% अधिक है।

कंसोलिडेटेड आधार पर वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सीडीएसएल की कुल आय 417 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 341 करोड़ रुपये के मुकाबले 22% अधिक है। पिछली तिमाही की तुलना में इसमें 22% की वृद्धि हुई। इस दौरान कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 173 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो पिछले साल की समान तिमाही के 140 करोड़ रुपये से 24% अधिक है। पहली तिमाही के 118 करोड़ रुपये की तुलना में इसमें 47% की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंसोलिडेटेड कुल आय 758 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 637 करोड़ रुपये के मुकाबले 19% अधिक है। वहीं, कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 291 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की पहली छमाही के 242 करोड़ रुपये से 20% अधिक है।

सीडीएसएल के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) निहाल वोरा ने कहा, “दुनियाभर में व्यापक आर्थिक उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत के सिक्योरिटीज मार्केट में लोगों की भागीदारी लगातार मजबूती दिखा रही है। दूसरी तिमाही के अंत तक सीडीएसएल के डीमैट खातों की संख्या में सालाना आधार पर करीब 17% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाजार में भागीदारी का यह लगातार बढ़ना हमें अपने कामकाज और निवेशकों को दी जाने वाली सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करता है। इस तिमाही में हमने अपने गवर्निंग बोर्ड और वरिष्ठ प्रबंधन में नई नियुक्तियों के जरिए नेतृत्व क्षमता को और मजबूत किया है।

उन्होंने आगे कहा कि सेबी के प्रोजेक्ट जागरूक में सिक्योरिटीज मार्केट पार्टनर के तौर पर सीडीएसएल निवेशकों को सोच-समझकर और जिम्मेदारी के साथ निवेश करने के लिए जागरूक बनाने को लेकर प्रतिबद्ध है। इस अहम उद्देश्य की दिशा में अपने प्रयासों के तहत कंपनी ने इस तिमाही में अमर चित्र कथा और युवा अनस्टॉपेबल के साथ मिलकर निवेशक शिक्षा और उन्हें सशक्त बनाने से जुड़ी पहलों को आगे बढ़ाया है। सीडीएसएल का लगातार यही फोकस रहा है कि भरोसेमंद बुनियादी ढांचा तैयार किया जाए और हर निवेशक को वास्तव में आत्मनिर्भर बनने के लिए सशक्त बनाया जाए।”

अन्य प्रमुख उपलब्धियां

इस तिमाही के दौरान सीडीएसएल में करीब 75 लाख नए डीमैट खाते खोले गए, जबकि कंपनी के पास कस्टडी के तहत रखी गई संपत्तियों का कुल मूल्य 89 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। सीडीएसएल ग्रुप भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में अन्य संस्थानों के साथ मिलकर लगातार काम कर रहा है। इसी क्रम में सीडीएसएल ने इंडिया इंटरनेशनल बुलियन होल्डिंग IFSC लिमिटेड (IIBHL) में अतिरिक्त निवेश किया है, जिसका उद्देश्य अन्य गतिविधियों के साथ-साथ आईटी बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग करना है। इसके अलावा, सीडीएसएल ने ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) में भी रणनीतिक निवेश किया है। ONDC वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की एक पहल है। वहीं, सीडीएसएल की सहायक कंपनी सेंट्रिको इंश्योरेंस रिपॉजिटरी लिमिटेड (CIRL) ने हेल्थ-टेक क्षेत्र में काम करने वाली शोवेलटेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के साथ सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट पार्टनरशिप एग्रीमेंट किया है।

कंपनी ने इस तिमाही में अपने नेतृत्व और प्रबंधन ढांचे को भी मजबूत किया है। श्रीमती गीता गंगाधरन ने 27 अगस्त, 2026 से सीडीएसएल के गवर्निंग बोर्ड में नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है। वहीं, श्री फारोख पटेल को 1 सितंबर, 2026 से चीफ रेगुलेटरी ऑफिसर एवं कंप्लायंस ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसके अतिरिक्त, श्री किंजल शाह को 22 सितंबर, 2026 से चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर नियुक्त किया गया है।

निवेशकों को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में सीडीएसएल इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड (IPF) ने भी इस तिमाही के दौरान कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। सीडीएसएल IPF ने अमर चित्र कथा के साथ मिलकर निवेशक शिक्षा पर आधारित एक बहुभाषी फिल्म लॉन्च की है। यह फिल्म उसकी ‘द गार्डन ऑफ प्रॉस्पेरिटी’ नामक कॉमिक पर आधारित है, जो 12 भाषाओं में उपलब्ध है। इसके अलावा, सीडीएसएल IPF ने युवा अनस्टॉपेबल के साथ साझेदारी कर अमर चित्र कथा की निवेशक शिक्षा से जुड़ी कॉमिक्स का वितरण शुरू किया है। इस पहल के तहत 60 स्कूलों के करीब 21,000 छात्रों तक ये कॉमिक्स पहुंचाई जाएंगी।

निवेशक शिक्षा को और व्यापक बनाने के उद्देश्य से सीडीएसएल IPF ने ‘इन्वेस्ट विद्या’ नाम से एक यूट्यूब सीरीज भी लॉन्च की है। इस सीरीज का मकसद लोगों को निवेश की बुनियादी बातें समझने और सोच-समझकर वित्तीय फैसले लेने में मदद करना है। इसके साथ ही, सीडीएसएल IPF ने चालू तिमाही के दौरान पूरे भारत में 700 से अधिक निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिनके माध्यम से निवेशकों को वित्तीय जागरूकता, जिम्मेदार निवेश और निवेशक संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट