भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में जहरीले सिरप से बच्चों की मौत का मामला गरमाया हुआ है। ऐसे में अब कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व भी इस मामले को लेकर आर-पार के मूड में है। इसी के चलते लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 11 या 12 अक्टूबर को छिंदवाड़ा आएंगे। सूत्रों के मुताबिक, वे परासिया में कफ सिरप पीने से मृत बच्चों के परिजन से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस मुद्दे को आगे किस तरह से जनता के बीच उठाया जाए, उसके बारे में स्थानीय कांग्रेस नेताओं को निर्देश जारी कर सकते हैं।
अब तक 23 बच्चों की मौत
मध्यप्रदेश और राजस्थान में जहरीला कफ सिरप पीने से अब तक 23 बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें मध्य प्रदेश में 2 सितंबर से अबतक 19 बच्चों और राजस्थान में 4 बच्चों की मौत हो चुकी है। वहीं घटना के बाद मध्य प्रदेश, राजस्थान, केरल, तमिलनाडु और पंजाब ने इस सिरप की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।
सुप्रीम कोर्ट जा पहुंचा मामला
सिरप से बच्चों की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई गई है। इसमें मामले की CBI जांच कराने और देशभर में दवाओं की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग की गई है। एडवोकेट विशाल तिवारी ने याचिका में मांग की है कि कोर्ट सरकार को राष्ट्रीय न्यायिक आयोग या विशेषज्ञ समिति बनाने का निर्देश दे और जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ट जज की निगरानी में हो।
सिरप बनाने वाली कंपनी को दिया नोटिस
मामले में तमिलनाडु के ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने सिरप बनाने वाली कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस दवा को कांचीपुरम की कंपनी श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स बनाती है। सरकार ने पांच दिन के अंदर कंपनी से जवाब मांगा है। जिसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


