छिंदवाड़ा/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ जहरीले कफ सिरप कांड के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई करने में जुटा है। एक-एक मेडिकल स्टोर की गहनता से जांच की जा रही है। जिसको लेकर संचालक बेवजह परेशान करने का आरोप लगा रहे हैं। इसी का असर रहा कि जिला औषधि विक्रेता संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया।
जिले भर में अनिश्चितकालीन हड़ताल
जहरीले कफ सिरप कांड के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे नाराज होकर छिंदवाड़ा जिला औषधि विक्रेता संघ ने जिले भर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ की हड़ताल के चलते जिले की 1100 से अधिक होलसेल और रिटेल दवा दुकानें पूरी तरह से बंद हैं, जिससे कारण मरीज और उनके परिजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जरुरी दवाओं के लिए अन्य जिलों का रुख
मरीज और उनके परिजन का कहना है कि दवा दुकानों के बंद होने के चलते मरीजों की हालत खराब हो रही है, उन्हें जरुरी दवाओं के लिए तत्काल अन्य जिलों का रुख करना पड़ रहा है या फिर अन्य माध्यमों के जरिए बाहर से दवाएं मंगाना पड़ रही है। खास बात यह है कि जिला अस्पताल का जनऔषधि केंद्र भी बंद है, जोकि जनता की एकमात्र उम्मीद माना जा रहा था।
जिला प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
जिला औषधि विक्रेता संघ ने एक दिन पहले ही हड़ताल का ऐलान कर दिया था, लेकिन प्रशासन ने उसके एवज में कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। इस वजह से लोगों में खासी नाराजगी देखी जा रही है। इस मामले में जब सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि जन औषधि केंद्र तय समय पर खुलना चाहिए।


