भोपाल/ सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां पर लोक निर्माण विभाग यानी PWD के पूर्व चीफ इंजीनियर गोविंद प्रसाद मेहरा के आवास समेत 4 ठिकानों पर छापा मारा। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने के बाद की गई।
अकूत संपत्ति का मालिक निकला पूर्व इंजीनियर
लोकायुक्त पुलिस के छापे के दौरान मणिपुरम कॉलोनी के निवास से लगभग 8 लाख 79 हजार रुपये नकद, 50 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, 56 लाख की फिक्स डिपॉजिट जानकारी और अन्य कीमती दस्तावेज मिले। जिसके बारे में संबंधित विभाग को सूचना दी जा रही है। वहीं ओपल रेजेंसी, भोपाल स्थित फ्लैट से 26 लाख नकद, लगभग ढ़ाई किलोग्राम सोना जिसकी अनुमानित कीमत 3. करोड़ रुपये से ज्यादा और साढ़े 5 किलो से ज्यादा चांदी, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बरामद हुई।
नोट गिनने की मंगाना पड़ी मशीन
कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकदी मिलने के कारण नोट गिनने की मशीनें बुलानी पड़ीं। गुरुवार सुबह 6 बजे से कार्रवाई शुरू हुई। लोकायुक्त की टीम अब संपत्तियों, एफडी, शेयर और इंश्योरेंस दस्तावेजों की जांच कर रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
फार्महाउस में मिला शहद का भंडार, लग्जरी वाहन
पूर्व चीफ इंजीनियर गोविंद प्रसाद मेहरा के सोहागपुर में ग्राम सैनी स्थित फार्महाउस से लोकायुक्त टीम को 17 टन शहद, कृषि भूमि, 6 ट्रैक्टर, 32 निर्माणाधीन कॉटेज, 7 तैयार कॉटेज, 2 मछली पालन केंद्र, 2 गौशालाएं और कई महंगे कृषि उपकरण मिले। मेहरा परिवार के नाम पर 4 लग्जरी कारें रजिस्टर्ड पाई गईं।
फैक्ट्री और अन्य संपत्तियों की मिली जानकारी
गोविंद प्रसाद मेहरा की गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में के.टी. इंडस्ट्रीज पर पीवीसी पाइप निर्माण का कार्य होता है। छापे में फैक्ट्री से संबंधित दस्तावेज, लगभग 1.25 लाख नकद और प्रॉपर्टी के कागजात मिले। जांच में पता चला कि यह फैक्ट्री मेहरा के बेटे रोहित मेहरा और कैलाश नायक के नाम पर है। जिसमें भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त एसपी ने बताया कि जी.पी. मेहरा ने अपने और परिजनों के नाम पर भोपाल, नर्मदापुरम और सोहागपुर में कई करोड़ रुपए की नामी व बेनामी संपत्तियां खरीदी हैं। सत्यापन के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित 13(1)(बी) के तहत केस दर्ज किया है।
चार ठिकानों पर एक साथ छापे
छापे के दौरान एक साथ पू्र्व इंजीनियर के चार ठिकानों मणिपुरम कॉलोनी स्थित बंगला, बावड़िया कला स्थित बंगला, गोविंदपुरा स्थित के.टी. इंडस्ट्रीज फैक्ट्री और नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर तहसील के ग्राम सैनी में फार्महाउस पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिसमें संपत्तियों का भंडार बरामद हुआ।


