अलीराजपुर/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ 17 अक्टूबर 2025 को आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु एक अभिनव जनजागरूकता अभियान ‘हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए’ प्रारंभ करने की घोषणा की गई थी। जिसका असर धरातल पर दिखाई देने लगा है, लोगों के इसके जरिए चालान ना बनाकर उन्हें हेलमेट पहनाया जा रहा है।
हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए’ का असर
इस अभियान का उद्देश्य दंड के बजाय नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके अंतर्गत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ‘हेलमेट बैंक’ की स्थापना की गई। यह पूर्णतः जनसहभागिता आधारित पहल है, जिसके अंतर्गत जिले के सक्षम नागरिक स्वेच्छा से हेलमेट खरीदकर पुलिस थानों में जमा करा रहे हैं। वहीं अब पुलिस इन हेलमेटों को जरूरतमंद वाहन चालकों को निःशुल्क वितरित कर रही है।
एसपी रघुवंश सिंह ने की शुरुआत
अभियान के प्रथम चरण के तहत रविवार 19 अक्टूबर 2025 को कोतवाली पुलिस ने स्थापित हेलमेट बैंक में प्राप्त हेलमेटों का वितरण बस स्टैंड, आलीराजपुर पर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के द्वारा किया गया। इस दौरान जिन वाहन चालकों ने पूर्व से ही यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट धारण किया हुआ था, उन्हें पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया, ताकि आगे से भी वो यातायात के नियमों का पालन करे।
जनता ने की अभियान की सराहना
आमजन ने पुलिस के इस नवाचार की सराहना करते हुए अभियान से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने जिले के सभी सक्षम नागरिकों से ‘हेलमेट बैंक’ से जुड़कर अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करने का आहवान किया, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके। तभी ‘हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए’ अभियान की सार्थकता सिद्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी आलीराजपुर अश्विनी कुमार, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सोनू सितोल, प्रभारी यातायात अर्जुन वास्कले एवं यातायात पुलिस दल उपस्थित रहा।


