छिंदवाड़ा/ तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के सिरप कांड की गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है, हर कोई कांड के दोषी को ढूंढ रहा है, ऐसे में मुख्य आरोपी दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन को एमपी की कोर्ट में पेश किया गया, उसने अपने आप को निर्दोष बताते हुए, आगामी वक्त में इसके सबूत पेश करने की बात कही।
आज क्या हुआ?
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में कोल्ड्रिंफ दवा पीने से 22 बच्चों की मौत हुई है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दवा कंपनी का मालिक रंगनाथन सहित पर्ची लिखने वाले डॉक्टर प्रवीन सोनी और अन्य तीन लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन को पुलिस ने 10 दिन की रिमांड में लिया था। सोमवार को रिमांड खत्म होने के बाद परासिया कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल एसआईटी की टीम ने तमिलनाडु से गिरफ्तार किया था, और छिंदवाड़ा लेकर आई थी जहां 10 अक्टूबर को परासिया के कोर्ट में पेश किया था। जिसके बाद पुलिस ने 10 दिन की रिमांड में लिया था जहां आज कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल पहुंचा दिया है, पुलिस ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि आरोपी रंगनाथन को 10 दिन की रिमांड में लिया गया था, जिसमें उनसे पूछताछ की गई है, साथ ही दस्तावेज और कुछ साक्ष एकत्रित किए हैं, और पुलिस अभिरक्षा में जिला जेल दाखिल किया गया है। साथ उन्होंने कहा कि जहां मैन्यु फैक्चरिंग हो रही थी, वहां नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था इसी तत्व के आधार पर विवेचना में लिया गया है।
मीडिया का कैमरा देख हाथ दिखाते हुए मुख्य आरोपी
सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने परासिया कोर्ट में आरोपी को पेश किया है, जहां कोर्ट से बाहर आते समय आरोपी रंगनाथन मीडिया के कैमरे को देखकर हाथ दिखाता हुआ तस्वीरों में कैद हुआ है, तस्वीरों में भी देख सकते हैं कि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को कोर्ट से बाहर लाया जा रहा है, तभी काली टीशर्ट पहने और चेहरे पर माक्स लगाया हुआ, आरोपी रंगनाथन मीडिया के कैमरे देखकर हाथ दिखाता हुआ दिखाई दे रहा है और फिर हाथ नीचे कर लेता है, जिसके बाद पुलिस आरोपी को जिला जेल के लिए रवाना होती है, जोकि कई सवालों को जन्म देता है।


