आंध्रप्रदेश के कर्नूल में बस में लगी भीषण आग..! हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई है। बस में 40 से ज्यादा यात्री थे सवार।
कुरनूल/खबर डिजिटल: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में तड़के सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक स्लीपर बस में आग लगने से 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे नेशनल हाईवे 44 (NH-44) पर चिन्ना टेकुर गांव के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट वोल्वो बस में करीब 41 यात्री सवार थे। यात्रा के दौरान बस की टक्कर एक दोपहिया वाहन से हो गई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल का फ्यूल कैप खुला हुआ था, जिससे वह बस के नीचे फंसकर घिसटती चली गई और चिंगारी निकलने से बस में भीषण आग लग गई।
आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। एसी बस होने के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल पाए, जबकि कुछ यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। 12 यात्री आपातकालीन द्वार से कूदकर मामूली चोटों के साथ अपनी जान बचाने में सफल रहे। घायलों को तत्काल कुरनूल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा — “कुरनूल जिले के चिन्ना टेकुर गांव के पास हुए भयानक बस हादसे के बारे में जानकर मैं स्तब्ध हूं। मेरी गहरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। राज्य सरकार पीड़ितों और घायलों को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।”


