Maihar News: अनुराग सिंह बघेल/खबर डिजिटल/ मैहर से एक प्रेरणादायक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जिला पंचायत सीईओ एवं पूर्व अपर कलेक्टर मैहर शैलेन्द्र सिंह ने ड्यूटी पर जाते समय एक ऐसा कार्य किया जिसने सबका दिल जीत लिया। उन्होंने एक बेजुबान की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की, जोकि सड़क पर किसी वाहन का शिकार बना जाता।
कछुए को सीईओ ने दिया जीवनदान
जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र सिंह अपने वाहन से मैहर से सतना की ओर जा रहे थे। तभी रामपथ गमन मार्ग पर सड़क किनारे उन्हें एक कछुए का बच्चा दिखाई दिया। संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्होंने तुरंत ड्राइवर से गाड़ी रुकवाई और खुद मौके पर जाकर देखा कि वास्तव में एक नन्हा कछुआ सड़क किनारे फंसा हुआ है। उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के वाहन से उतरकर कछुए का रेस्क्यू किया और पास में स्थित पुल के नीचे बह रही नदी में उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।
पूरा दृश्य वाहन चालक ने किया कैद
यह पूरा दृश्य उनके वाहन चालक ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, लोगों ने शैलेन्द्र सिंह की जमकर सराहना की और उनकी संवेदनशीलता को ‘मानवता की असली तस्वीर’ बताया।
‘रील वाले साहब’
गौरतलब है कि शैलेन्द्र सिंह पहले भी कई प्रेरणादायक और जागरूकता से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं। उनके ऐसे कार्यों के कारण लोग उन्हें ‘रील वाले साहब’ के नाम से भी पहचानते हैं। शैलेन्द्र सिंह की फैन फॉलोइंग भी काफी मजबूत है, और लोग उन्हें एक संवेदनशील, ईमानदार और जनहितैषी अधिकारी के रूप में देखते हैं।


