आलीराजपुर/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ सर्वविदित है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल जी को लौह पुरुष कहा जाता है। लेकिन उनके व्यक्तित्व की असली शक्ति केवल लौह जैसी दृढ़ इच्छाशक्ति नहीं थी, बल्कि उनका अडिग विश्वास था। ‘भारत एक है, भारत अखंड है, और भारत सदा-सर्वदा अखंड रहेगा।’ यह वही विश्वास है जिसे आज विकसित भारत 2047 के संकल्प के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं, ये कहना है तलाम झाबुआ आलीराजपुर की सांसद अनिता चौहान का। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित होकर युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे देश के हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल के 150 वे जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सरदार @ 150 यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
‘वल्लभ भाई के महत्व को नही समझ पाई कांग्रेस’
कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस कभी भी सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को नही समझ पाई। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार वल्लभ भाई पटेल को वह सम्मान प्राप्त हो रहा है, जिसके वे वास्तविक अधिकारी हैं। कांग्रेस ने जहां सदैव उनके योगदान की उपेक्षा की, वहीं भाजपा संगठन ने उन्हें राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में गौरवपूर्वक स्थापित किया है। कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने बताया कि सरदार @ 150 यूनिटी मार्च पदयात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा जिला महामंत्री रिंकेश तंवर को जिला संयोजक बनाया गया है, वही विधायक प्रतिनिधि गोविन्दा गुप्ता और भाजपा मंत्री रितेश डावर को सहसंयोजक बनाया गया है।
जिले में निकलेगी पदयात्रा
भाजपा जिलाध्यक्ष सतोष मकु परवार ने बताया कि जिले में यह पदयात्रा 31 अक्टूबर से 25 नवंबर के मध्य आयोजित की जाएगी। यात्रा लगभग 10 किलोमीटर की रहेगी, जिसमें युवाओ से लेकर प्रबुद्धजन सभी सम्मिलित होगे। यात्रा जोबट एवं आलीराजपुर विधानसभा के चिन्हत मार्ग से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। इस बीच आने वाले देवालयो में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं मार्ग के ग्रामो में आत्मनिर्भर भारत एवं घर घर स्वेदशी अपनाने के आह्वान के साथ एक पेड मां के नाम वृक्षारोपण भी किया जाएगा।
राष्ट्रीय पदयात्रा का भी होगा आयोजन
सरदार @ 150 यूनिटी मार्च पदयात्रा राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। सरदार पटेल ने जिस तरह बिखरे हुए भारत को एक भारत बनाया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। इस अभियान के जरिए युवाओं को एक भारत और आत्मनिर्भर भारत के आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। देशभर में सभी संसदीय क्षैत्र में 1-1 दिन की यात्राए निकाली जाएगी। जिसमें बाद राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक सरदार पटेल जी के जन्मस्थल करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी केवड़िया तक 152 किमी की पदयात्रा निकाली जाएगी। जिसमें देशभर के हर जिले से 2-2 युवा शामिल होंगे।
मंत्री और सांसद का आहवान – युवा लें हिस्सा
कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनिता चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष मकु परवाल सहित यात्रा की जिला टोली के रिंकेश तवंर, गोविन्दा गुप्ता, रितेश डावर सहित भाजपा के समस्त जिला एवं मंडलों के पदाधिकारियों ने जिले के समस्त युवाओं से आग्रह किया कि वे इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय एकता अभियान में भाग लेकर सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करें।


