जबलपुर/विशाल भारद्वाज/ खबर डिजिटल/ पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त जबलपुर टीम ने शुक्रवार को सिवनी जिले के ग्राम धनोरा में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम पंचायत धनोरा के सरपंच दिनेश कुमार कोरेती (42 वर्ष) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वो आवेदक से मकान बनाने के एवज में रुपयों की मांग कर रहा था।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, आवेदक राधेश्याम बंजारा (33 वर्ष) निवासी नायक कॉलोनी, ग्राम धनोरा ने शिकायत की थी कि वह अपनी आबादी भूमि पर मकान निर्माण कर रहा था, जिस पर सरपंच दिनेश कुमार ने आपत्ति जताई थी। सरपंच ने निर्माण कार्य जारी रखने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद शुक्रवार (31 अक्टूबर 2025) को ट्रैप की योजना बनाई गई। तयशुदा योजना के तहत आरोपी सरपंच को प्रथम किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
सरपंच पर किया मामला दर्ज
लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B), 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ट्रैप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए (दल प्रभारी), निरीक्षक शशिकला, निरीक्षक जितेंद्र यादव लोकायुक्त जबलपुर के अन्य टीम सदस्य शामिल थे।
