देवास/पवन उपाध्याय/खबर डिजिटल/ सोनकच्छ में एक ही जगह से 19 घरेलू गैस सिलेण्डर और 1 गैस रिफिलिंग मशीन जब्त की गई है। जिला आपूर्ति विभाग की कार्रवाई में खुलासा हुआ कि जब सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारा तो एक जगह पर अवैध रुप से घरेलू गैस सिलेंडरों का गोडाउन बनाया हुआ था, बताया जा रहा है कि अन्य गैस सिलेंडरों में रिफलिंग की जाती थी, जोकि जानवलेवा भी साबित हो सकती है।
सूचना के आधार पर की कार्रवाई
देवास जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेण्डरों का दुरूपयोग रोकने हेतु राजस्व एवं खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल ने सोनकच्छ में पुराने बायपास रोड स्थित अम्बाराम मिस्त्री के मकान में संचालित दुकान की जांच की। जांच के समय उपस्थित आयुष गुप्ता निवासी मोदी कॉलोनी सोनकच्छ ने बताया कि दुकान का संचालन तैयब अली पिता हैदर अली द्वारा किया जाता है। जांच के दौरान दुकान में अवैध रूप से संग्रहित 19 घरेलू गैस सिलेण्डर BPCL कंपनी के (07 भरे 12 खाली) रखे पाए गए। दुकान में 1 विद्युत चलित गैस रिफलिंग मशीन जो कि एक पाईप के माध्यम से गैस रेग्यूलेटर से संबंद्ध होकर रखी पाई गई, जिसका उपयोग गैस सिलेण्डरों में भरी गैस को वाहनों के टैंक में गैस भरने के लिए उपयोग की जाती थी। जांच के दौरान तैयब अली भी मौके पर उपस्थित हुआ। जांच के दौरान मौजूद दोनों ही शख्स सिलेंडरों का कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए, तो उन्हें जब्त कर लिया गया।
अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए दी जानकारी
जांच समय दुकान में पाये गये गैस सिलेण्डरों के संबंध में तैयब अली एवं आयुष गुप्ता द्वारा कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये गये। जांच दल द्वारा दुकान में पाये गये 19 घरेलू गैस सिलेण्डर और 1 गैस रिफिलिंग मशीन को जब्त कर जप्ती पत्रक तैयार किया गया। जप्त सामग्री की कुल कीमत 49 हजार 974 रूपये है। मौके से जप्त 19 घरेलू गैस सिलेण्डर एवं 1 विद्युत चलित गैस रिफिलिंग मशीन को अन्नपूर्णा गैस एजेन्सी सोनकच्छ की सुपुर्दगी में दिया गया। साथ ही आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए अन्य विभागों को सूचना दी गई।
कार्रवाई में तहसीलदार सोनकच्छ ज्योति जाटव, नायब तहसीलदार सोनकच्छ कपिल गुर्जर एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी सोनकच्छ धर्मेन्द्र वर्मा शामिल थे।


