मैहर-अमरपाटन/अनुराग सिंह बघेल/खबर डिजिटल/ मैहर जिले के मैहर-रीवा नेशनल हाईवे (NH-30) पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अमरपाटन थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास हुआ, जब तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने सड़क पार कर रहे बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 80 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई और कई बार पलटने के बाद सड़क से करीब 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो हुई हादसे का शिकार
जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के श्रद्धालु सवार थे, जो मां शारदा देवी मंदिर मैहर में दर्शन कर लौट रहे थे। लालपुर के पास NH-30 पर बोलेरो ने अचानक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 8 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक सवार की मौके पर मौत
बाइक पर सवार मृतक की पहचान रामबली केवट, निवासी झिन्ना थाना ताला के रूप में हुई है। बताया गया है कि रामबली इस समय अपनी ससुराल मिरगौती (थाना रामनगर) में रहकर सिंघाड़े की खेती करता था। रविवार की सुबह वह अपने बेटे और दामाद के साथ बाइक से रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के महसाव गांव जा रहा था। इसी दौरान बोलेरो ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रामबली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बेटे और दामाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और राहत कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस 112 मौके पर पहुंची और हाईवे पेट्रोलिंग 1033 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन भेजा गया। वहीं, हालत गंभीर होने के चलते सभी घायलों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया है। मृतक रामबली के शव को पुलिस ने मरचुरी में सुरक्षित रखवा दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
