उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय टीम की सदस्य सुश्री दीप्ति शर्मा शनिवार प्रातःकाल महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए। उन्होंने भारतीय टीम की सफलता पर बाबा महाकाल को नमन किया और इसी तरह कृपा बनाए रखने की कामना की।
सुबह-सुबह लिया शिव का नाम
सुबह के समय मंदिर में जब भस्म आरती का दिव्य वातावरण गूंज रहा था, उसी दौरान दीप्ति शर्मा ने श्रद्धापूर्वक आरती में सहभागिता की। उन्होंने भगवान महाकाल से देश की समृद्धि और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की निरंतर सफलता की कामना की।
मंदिर समिति ने किया स्वागत
दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने विश्व कप विजेता खिलाड़ी को अपने बीच देखकर उत्साह व्यक्त किया। कई भक्तों ने दीप्ति शर्मा के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उन्हें बधाई दी।


