Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीएसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने पर दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस,...

एसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने पर दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब


एसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने पर दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब

कटनी – निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) कार्य में उदासीनता बरतने और पदीय दायित्वों का निर्वहन न करने पर दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीलांबर मिश्रा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्लीमनाबाद के माध्यमिक शिक्षक पंकज कुशवाहा और शासकीय प्राथमिक शाला गुदरी के प्राथमिक शिक्षक निशांत झारिया को यह नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 94-बहोरीबंद के प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। निर्वाचन कार्य हेतु स्लीमनाबाद और गुदरी के मतदान केंद्रों पर दोनों शिक्षकों को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के रूप में नियुक्त किया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, नियुक्ति के बावजूद पंकज कुशवाहा ने न तो बीएलओ के रूप में आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया और न ही पूर्व बीएलओ से मतदान केंद्र का प्रभार लिया। कई बार निर्देशित किए जाने के बावजूद उन्होंने निर्वाचन कार्य नहीं किया।

इसी प्रकार, निशांत झारिया ने प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भी मतदान केंद्र क्रमांक 129 गुदरी का प्रभार ग्रहण नहीं किया और बीएलओ के पदीय दायित्वों का पालन नहीं किया।

अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने दोनों शिक्षकों के आचरण को संविधान के अनुच्छेद 324, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 तथा सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन बताया है।

दोनों शिक्षकों को तीन दिवस के भीतर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। समय-सीमा में जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट