कक्षा 3 से 8 का अर्धवार्षिक मूल्यांकन अब 8 दिसंबर से, राज्य शिक्षा केन्द्र ने जारी की नई समय-सारिणी
कटनी – शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 3 से 8 के लिए 24 नवंबर से प्रस्तावित अर्धवार्षिक मूल्यांकन की तिथि बदल दी गई है। अब यह मूल्यांकन 8 दिसंबर से 13 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित किया जाएगा।
राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक श्री हरजिंदर सिंह ने बताया कि वर्तमान में प्रदेशभर में चल रही चुनावी प्रक्रिया और SIR कार्य में बड़ी संख्या में शासकीय कर्मचारी व्यस्त हैं। इसी कारण छात्रों के लिए सुचारु रूप से मूल्यांकन संचालन सुनिश्चित करने हेतु समय-सारिणी को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
नई समय-सारिणी जारी करते हुए राज्य शिक्षा केन्द्र ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संस्थाप्रधानों और शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे संशोधित तिथियों के अनुसार परीक्षा की तैयारी सुनिश्चित करें और विद्यार्थियों को भी समय पर सूचित करें।
इस निर्णय से विद्यालयों को मूल्यांकन की बेहतर तैयारी और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का अधिक समय मिल सकेगा।
