बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ मुलताई के शिक्षक विजय साहू के अचानक निधन के बाद शनिवार सुबह मासोद रोड मोक्षधाम में ऐसा भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को भीतर से हिला दिया। बेटियों ने मुखाग्नि देकर वह जिम्मेदारी निभाई, जिसे देख श्मशान में मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
तबियत बिगड़ने पर कराया था भर्ती
शिक्षक विजय साहू की शुक्रवार शाम करीब 6 बजे तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान अचानक आए अटैक से उनका निधन हो गया। विजय साहू लगभग 55 वर्ष के थे।
घाटपिपरिया के थे निवासी
विजय साहू मूल रूप से घाटपिपरिया के रहने वाले और स्व.गणेश साहू ठेंगेवार के बड़े सुपुत्र थे। पीछे माताजी भागरती साहू, छोटे भाई मुकेश साहू, बहन मंजू साहू, पत्नी संगीता साहू और दो बेटियां सजल साहू और विशाखा साहू को छोड़ गए हैं। निधन की खबर मिलते ही रिश्तेदारों, परिचितों और सामाजिक बंधुओं में शोक है।
प्रशासनिक अधिकारी हैं सजन साहू
विजय साहू की बड़ी बेटी सजल साहू बीएससी स्टैटिस्टिक्स होल्कर साइंस कॉलेज से की है और वर्तमान में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी (यूआईआईसी), एक पूर्णत: सरकारी पीएसयू में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। छोटी बेटी विशाखा साहू 12वीं गणित से, बीएससी प्लेन (केमिस्ट्री) होल्कर साइंस कॉलेज से और एमएससी गणित किया है। वर्तमान में वे सरकारी बैंकिंग और इंश्योरेंस परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं।


