आलीराजपुर/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर सरकार और विधानसभा अध्यक्ष से केवल चार दिन के विधानसभा सत्र को बढ़ाने की मांग की है। विधायक ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जानबूझकर सत्र छोटा रखकर जनता की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, जबकि विपक्ष लगातार सत्र बढ़ाने की मांग कर रहा है।
जनहित के मुद्दों की कही बात
विधायक पटेल ने कहा कि प्रदेश में अनेकों जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा होना जरूरी है, लेकिन सत्र को मात्र 4–5 दिनों तक सीमित कर देने से महत्वपूर्ण विषयों को सदन में रखने का अवसर खत्म हो जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं का सामना करने से बचना चाहती है।उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र जोबट और आसपास के इलाकों में कई जीवलंत मुद्दे लंबित हैं, भूमि से जुड़े विवाद और किसानों की समस्याएं, छात्रावासों (हॉस्टलों) की जर्जर स्थिति एवं अव्यवस्थाएं, जिले में वन विभाग से संबंधित गंभीर मामले, तथा ग्रामों में बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी कई समस्याएं हैं, जिन्हें वे विधानसभा में उठाना चाहते हैं।
जनता की समस्याओं को उठाना कर्तव्य
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना उनका अधिकार और कर्तव्य है, लेकिन सरकार सीमित सत्र रखकर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस विधायक दल लगातार विधानसभा सत्र बढ़ाने की मांग कर रहा है, ताकि प्रदेश के नागरिकों के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हो सके और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सके।
