सागर/हर्षित पाण्डेय/खबर डिजिटल/ मामला सागर जिले बीना का है, जहां पर डॉक्टर मोबाइल पर बातचीत में व्यस्त थे, मरीज के परिजन ने उनसे मरीज को जल्द देखने के लिए कहा तो उन्होंने मरीज के मुंह पर थूक दिया, जब परिजन ने इसका विरोध किया तो डॉक्टर ने उनसे मारपीट कर दी, जिसमें अब मामला थाने की चौखट तक पहुंच चुका है।
मरीज के परिजन से बदसलूकी
मामला सागर जिले के बीना सिविल अस्पताल का है, बीना शहर के शासकीय सिविल अस्पताल में सोमवार रात एक ड्यूटी डॉक्टर पर मरीज के साथ आए युवक के साथ बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगा है। आरोप लगाने वाले युवक का नाम आदित्य यादव है, युवक का आरोप है कि डॉक्टर ने पहले उसके मुंह पर थूका और विरोध करने पर मारपीट की। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सोमवार रात करीब 8 बजे की है घटना
बीना शहर के कटरा वार्ड निवासी मंजू यादव पेट दर्द और अन्य शिकायत लेकर अपने भांजे आदित्य यादव के साथ अस्पताल पहुंची थीं। आदित्य ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सौरभ जैन को मंजू की तबीयत के बारे में बताया। युवक ने बताया कि डॉक्टर उस समय मोबाइल पर बातचीत में व्यस्त थे और मरीज की स्थिति बताने पर उन्होंने नाराज होकर आदित्य के मुंह पर थूक दिया। जब आदित्य ने उनकी इस हरकत का विरोध किया तो डॉक्टर सौरभ जैन ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। यह पूरी घटना मंजू यादव के पुत्र अमन यादव ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद अमन ने अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी।
लिखित शिकायत कराई दर्ज
घटना के बाद रात करीब 9 बजे पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। पीड़ित आदित्य यादव और उसके परिजन बाद में थाने पहुंचे और डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस और अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर मरीज के परिजनों में रोष व्याप्त है
