डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाइवे पर गुरुवार देर रात कूड़ा गांव के समीप ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पिकअप के पिछले हिस्से में फंस गई और लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घर्षण से उठी चिंगारियां देखते ही देखते आग में बदल गईं और कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार महेंद्र विश्वकर्मा और विपिन विश्वकर्मा, निवासी छिंदगांव, थाना शाहपुर, की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आपस में मामा–बुआ के लड़के बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया—“धातुओं की रगड़ से निकली चिंगारी ने बाइक को आग में बदल दिया।।” गवाहों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
112 और कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही 112 डायल और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों युवकों की मौत की पुष्टि की और पंचनामा तैयार कर शवों को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल पर फैले मलबे को हटाकर रात में बाधित हुए यातायात को बहाल कराया।
शादी का निमंत्रण बांटकर लौट रहे थे दोनों युवक
परिजनों के मुताबिक, महेंद्र और विपिन बाइक क्रमांक MP 52 ME 2005 से गाड़ासरई में अपने मामा के लड़के दुर्गेश विश्वकर्मा की शादी (30 नवंबर) का निमंत्रण बांटकर वापस लौट रहे थे। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। गांव में मातम पसरा है।
पिकअप जब्त, फरार चालक की तलाश तेज
कोतवाली पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा — “हादसों का ब्लैक स्पॉट बन चुका है कूड़ा क्षेत्र”
स्थानीय लोगों ने बताया कि कूड़ा गांव के आसपास लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाइवे पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रात्रिकालीन पुलिस गश्त जैसे सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके, क्योंकि देर रात हुए इस भयावह हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।


