श्योपुर/धीरज बालोठिया/खबर डिजिटल/ जिले की कराहल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खिरखिरी में पंचायत द्वारा सरकारी सीसी सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है, इस दौरान गांव के तीन युवक मौके पर पहुंचे और मजदूर को निर्माण कार्य करने से रोक दिया, जब मजदूर ने विरोध किया तो एक युवक ने मजदूर के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं आरोपी युवक ने मजदूर को घसीटा जिससे उसको अंदरूनी चोट भी आई है।
सरपंच के साथ थाने पहुंचा मजदूर
हालांकि पीड़ित मजदूर सरपंच के साथ कराहल थाने में पहुंचा परंतु पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाते हुए सरपंच ने मामले की शिकायत एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल से की है। महिला सरपंच का आरोप है कि आरोपी ने पूर्व में चुनावी रंजिश में उसको भी जान से मारने की धमकी दी थी, और कुल्हाड़ी से सरपंच महिला पर हमला भी किया था। उस समय पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था,अब पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मजदूर के साथ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज न करते हुए N.C.R दर्ज की है।
और भी गर्मा सकता है मामला
सरपंच ने मामले में कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में और भी वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही, साथ ही आंदोलन करने को भी मजबूर होने को कहा।


