सिवनी/विशाल भारद्वाज/खबर डिजिटल/ पेंच टाइगर रिजर्व के आसपास सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए तीन बड़े रिसॉर्ट – वनराज रिसोर्ट, पेंच इंटरनेशनल रिसोर्ट और रिजेंटा रिसोर्ट पर आज प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक इन रिसॉर्ट संचालकों द्वारा शासकीय भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण किया जा रहा था। शिकायतें सामने आने के बाद राजस्व विभाग की टीम आज मौके पर पहुंची, मौके का निरीक्षण किया और फिर कार्रवाई शुरू की।
अवैध निर्माण पर रोक
राजस्व अधिकारियों की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में रिसॉर्ट्स द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई वन क्षेत्र की सुरक्षा और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कब्जा बर्दाश्त नहीं – प्रशासन
प्रशासन का कहना है कि किसी भी हाल में शासकीय भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह छोटी इकाई हो या बड़ा रिसॉर्ट। पेंच टाइगर रिज़र्व के आसपास लगातार बढ़ते निर्माण को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, और आज की यह कार्रवाई एक बड़े संदेश के तौर पर देखी जा रही है।


