डिंडोरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 नवंबर से 30 नवंबर तक जिले में चलाए गए “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत डिंडौरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 29 लापता बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों तक पहुंचाया है, जबकि 21 बच्चों की तलाश अभी भी लगातार जारी है।
एसपी वाहिनी सिंह ने किया निर्देशित
यह अभियान पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा के मार्गदर्शन एवं डीएसपी महिला सुरक्षा पुष्पलता मरावी के नेतृत्व में संचालित किया गया। बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की 6 विशेष टीमें बनाई गई थीं, जिन्हें केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और दिल्ली सहित कई राज्यों में रवाना किया गया।
इन राज्यों से लौटे बच्चे
अभियान के दौरान केरल से 5, महाराष्ट्र से 4, कर्नाटक से 1, राजस्थान से 1, तेलंगाना से 1, छत्तीसगढ़ से 1 एवं दिल्ली से 1 नाबालिग को सुरक्षित डिंडौरी लाया गया।
जागरूकता अभियान भी चला
ऑपरेशन मुस्कान के दौरान पुलिस द्वारा जिलेभर में बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। स्कूल-कॉलेजों में 202 कार्यक्रम आयोजित कर 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
63 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियान में शामिल 63 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने इसे सामूहिक टीमवर्क और समर्पण का नतीजा बताया।
लापता होने की मुख्य वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चों के लापता होने के पीछे जागरूकता की कमी, गरीबी और रोजगार की तलाश प्रमुख कारण हैं, जिससे बच्चे बहकावे में आकर दूसरे राज्यों की ओर चले जाते हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी लापता बच्चे से जुड़ी जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि शेष बच्चों को भी सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया जा सका।


