झाबुआ /सुनील डाबी/खबर डिजिटल/ मेघनगर–सजेली क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज गोहत्या (गोकशी) मामले के बाद झाबुआ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी है और अवैध गतिविधियों पर सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में झाबुआ शहर में अवैध रूप से मांस बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। बिना अनुमति संचालित दुकानों पर प्रशासन ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की, जिससे मांस विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
मांस के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित दुकानों से मांस के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कहीं प्रतिबंधित मांस की बिक्री तो नहीं हो रही है।
जिलेभर में बढ़ाई गई निगरानी
मेघनगर–सजेली में हुए गोहत्या मामले के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमले को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रशासन का साफ संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।


