उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ उज्जैन शंकरपुर निवासी हरीश उम्र 39 वर्ष पिता ग्यारसी लाल निर्मल, की नव मानस नशामुक्ति केंद्र, मंगलनाथ रोड, में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। हरीश को छह दिन पहले ही नशे की लत छुड़ाने के लिए इस केंद्र में भर्ती कराया गया था।
परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों के अनुसार, बीती रात करीब 1 बजे हरीश की मृत्यु की सूचना उन्हें दी गई। आज सुबह परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। जब मृतक को स्नान कराने के लिए कपड़े उतारे गए, तो उनके शरीर पर कई गंभीर चोट के गहरे निशान दिखाई दिए। इन निशानों को देखकर परिजनों को संदेह हुआ कि यह सामान्य मौत नहीं है।
बच्चों की परवरिश का संकट
गुस्साए और परेशान परिजन तुरंत मृतक हरीश के शव को लेकर पावस थाने पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना प्रभारी ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम PM के लिए बॉडी को भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतक हरीश के परिवार में दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी परवरिश का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नशामुक्ति केंद्र के प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है।


