कटनी खबर digital News— नगर निगम कटनी द्वारा शनिवार को आयोजित वर्ष की अंतिम लोक अदालत में बकाया कर वसूली को लेकर बड़ी सफलता हासिल की गई। शासन के निर्देशानुसार करदाताओं को अधिभार में छूट देने के उद्देश्य से आयोजित लोक अदालत में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की, जिसके परिणामस्वरूप नगर निगम को 2 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की सतत मॉनिटरिंग तथा अधिकारी-कर्मचारियों के बेहतर टीम वर्क से यह उल्लेखनीय उपलब्धि संभव हो सकी। लोक अदालत के दौरान कुल 2 हजार 593 करदाताओं ने बकाया कर जमा कर छूट का लाभ उठाया।लोक अदालत के आयोजन के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने माधव नगर उपकार्यालय एवं सुभाष चौक स्थित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर स्थलों पर मौजूद नागरिकों से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को वर्ष की अंतिम छूट का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया तथा व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक घंटे की राजस्व वसूली की समीक्षा कर अधिकारियों को डोर-टू-डोर संपर्क कर नागरिकों को लोक अदालत की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक अदालत में संपत्ति कर की 1 हजार 684 रसीदों से 1 करोड़ 35 लाख 67 हजार रुपये तथा जलकर की 909 रसीदों से 88 लाख 79 हजार रुपये की वसूली की गई। इस प्रकार कुल 2 हजार 593 रसीदों के माध्यम से 2 करोड़ 24 लाख 47 हजार 128 रुपये का राजस्व निगम कोष में जमा हुआ।अधिक से अधिक नागरिकों को सुविधा देने के लिए निगम का अमला देर रात तक शिविर स्थलों पर उपस्थित रहा और करदाताओं को छूट का लाभ प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ नगर निगम कटनी प्रदेश स्तर पर वसूली के मामले में आठवें स्थान पर शामिल हो गया है।इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने निगम के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए लोक अदालत का लाभ उठाने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया और नगर विकास में उनके सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
लोक अदालत में नगर निगम कटनी की बड़ी उपलब्धि, 2.24 करोड़ से अधिक का राजस्व संग्रह
सम्बंधित ख़बरें


