उज्जैन/ खबर डिजिटल/ बिहार सरकार की खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह आज उज्जैन पहुँचीं, जहाँ उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। अलसुबह उन्होंने विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में सम्मिलित होकर ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी की विधिवत पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
भस्म आरती के दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह शिव भक्ति में लीन नजर आईं। दर्शन एवं पूजन के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका विशेष सम्मान किया गया। मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज भी रहीं श्रेयसी सिंह ने इस आध्यात्मिक अनुभव पर प्रसन्नता व्यक्त की। उज्जैन प्रवास के दौरान उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की और देश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
