आलीराजपुर/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ आलीराजपुर जिले के बखतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिचोली के गोदवाणी फलिया में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार देवसिंह नामक व्यक्ति की चार वर्षीय मासूम बच्ची रक्षा को एक जंगली जानवर उसके पिता के हाथों से झपटकर जंगल की ओर ले गया। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम को इस तरह उठा ले जाने की खबर फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के जंगल व पहाड़ी क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। बच्ची की तलाश के लिए पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर खंगाला जा रहा है।
गांव में आक्रोश का माहौल
घटना स्थल पर ग्राम सरपंच सहित पूरा गांव मौजूद है और प्रशासन से जल्द से जल्द बच्ची को सुरक्षित खोज निकालने की मांग की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


