हरदा/नौशाद खान/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के हरदा में रविवार को करणी सेना परिवार का ‘जन क्रांति न्याय आंदोलन’ पूरी ताकत के साथ संपन्न हुआ। शहर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस महा-आंदोलन में न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़ से भी समाज के दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बता दे कि यह शांतिपूर्ण तरीके से किए गए इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए करणी सेना ने प्रशासन के सामने अपनी 21 सूत्रीय मांगें रखीं, और पिछले दिनों हुए लाठीचार्ज को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया।
केसरिया रंग में रंगा नेहरू स्टेडियम
हरदा का नेहरू स्टेडियम आज केसरिया रंग में रंगा नजर आया। मौका था करणी सेना परिवार के जन क्रांति न्याय आंदोलन का। आंदोलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर, समाज के वरिष्ठ नेता महिपाल सिंह मकराना और हरियाणा के सूरजपाल सिंह अम्मू जैसे बड़े चेहरों ने शिरकत की।
जीवन सिंह शेरपुर ने उठाए कई सवाल
मंच से संबोधित करते हुए जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन की बर्बरता पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे बीते 12 और 13 जुलाई को राजपूत छात्रावास में घुसकर समाज के युवाओं पर लाठियां बरसाई गईं और वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। करणी सेना ने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष सुनील राजपूत और स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पुलिस ने जो व्यवहार किया, वह निंदनीय है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक सुर में मांग की है कि दोषी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर तत्काल उचित कार्रवाई की जाए, वरना यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
जिस पर प्रशासन द्वारा दो मांगों को मानते हुए उप निरीक्षक रिपु दमन,अनिल गुर्जर,सहित तुषार धनगर,संजू चौहान,ललित गौड़ को PHQ भेजा गया और इनकी न्यायिक जांच होगी। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने भी कड़े इंतजाम किए। पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान करणी सेना के पूर्व संगठन मंत्री शैलेंद्र सिंह झाला, जिला अध्यक्ष सुनील राजपूत सहित विभिन्न राज्यों और जिलों से आए हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


