छिंदवाड़ा/तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक बेहद खास और खुशी की खबर सामने आई है। जुन्नारदेव क्षेत्र की रहने वाली एक गर्भवती महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है, जिनमें एक लड़का और तीन लड़कियां शामिल हैं।
सातवें महीने में दिया जन्म
जानकारी के अनुसार महिला ने गर्भावस्था के सातवें महीने में चारों बच्चों को जन्म दिया। अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने महिला को तुरंत जुन्नारदेव अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक डिलीवरी कराई।
डॉक्टरों ने बताया पूरी तरह सफल रही डिलीवरी
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक महिला की डिलीवरी पूरी तरह सुरक्षित और सफल रही है। फिलहाल चारों नवजात शिशुओं को डॉक्टरों की निगरानी में विशेष देखभाल में रखा गया है। समय से पहले जन्म होने के कारण बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी
डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल बच्चों को जुन्नारदेव अस्पताल में ही रखा गया है। उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया जाएगा, जहां नवजात शिशुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अस्पताल में उत्साह का माहौल
इस दुर्लभ और खुशी के मौके पर अस्पताल स्टाफ और परिजनों में उत्साह का माहौल है। डॉक्टरों का कहना है कि मां की तबीयत भी फिलहाल स्थिर है और उसे भी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
