उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसका सीधा असर मंदिर में आने वाली दान राशि पर भी देखने को मिल रहा है।
दान में हुई ऐतिहासिक बढ़ोतरी
श्रद्धालुओं की संख्या के साथ-साथ दान में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, एक साल से भी कम समय में केवल आभूषणों के रूप में 13 करोड़ रुपये से अधिक का दान प्राप्त हुआ है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
महाकाल मंदिर को 107 करोड़ 93 लाख रुपये की आय
वहीं, दान पेटी और शीघ्र दर्शन व्यवस्था से मात्र 11 माह 15 दिनों में मंदिर को 107 करोड़ 93 लाख रुपये की आय हो चुकी है। यह अब तक की सबसे बड़ी दर्ज आय मानी जा रही है। महाकाल लोक के भव्य निर्माण के बाद मंदिर परिसर की सुविधाएं और दिव्यता बढ़ी है, जिससे श्रद्धालुओं का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में श्रद्धालुओं की संख्या और दान दोनों में और इजाफा हो सकता है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन इस समय आस्था, भक्ति और श्रद्धा के एक नए अध्याय की साक्षी बन रही है।


