डिंडोरी /शैलेश नामदेव /खबर डिजिटल/ डिंडौरी, जिले में प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री और नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराए जाने के गंभीर आरोपों को लेकर महिला कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला मुख्यालय में आयोजित जोरदार विरोध प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
महिला कांग्रेस ने जताया विरोध
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव संतोषी रामजी साहू ने किया। उनके साथ महिला कांग्रेस की जिला एवं ब्लॉक इकाई की पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएँ मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से अवैध शराब कारोबार को संरक्षण मिलने के आरोप लगाते हुए आबकारी विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
प्रतिबंधित क्षेत्रों में खुलेआम शराब बिक्री का आरोप
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जिला मुख्यालय सहित कई प्रतिबंधित इलाकों में खुलेआम शराब बेची जा रही है। यह न केवल आबकारी अधिनियम का सीधा उल्लंघन है, बल्कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। महिला कांग्रेस का आरोप है कि अवैध शराब कारोबारियों को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है, जिसके कारण कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
वायरल वीडियो और खबरों से भड़का आक्रोश
प्रदेश महासचिव संतोषी रामजी साहू ने कहा कि हाल ही में सामने आए वायरल वीडियो और समाचारों में नाबालिग बालिकाओं द्वारा शराब सेवन की घटनाएँ अत्यंत शर्मनाक और चिंताजनक हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 18 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं तक शराब आखिर पहुँच कैसे रही है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? यह स्थिति समाज के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
ये रखी गई प्रमुख मांगें
महिला कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष कई अहम मांगें रखीं, जिनमें प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री की उच्चस्तरीय जांच, नाबालिगों को शराब देने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई, दोषियों पर आबकारी अधिनियम की सख्त धाराएं लागू करना, भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए मजबूत निगरानी तंत्र की स्थापना शामिल हैं।
‘कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज’
प्रदर्शन में शामिल महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को जिला स्तर से आगे बढ़ाकर व्यापक रूप दिया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब आमजन की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
महिला कांग्रेस ने साफ कहा कि नाबालिगों के भविष्य और समाज की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और जब तक अवैध शराब पर प्रभावी रोक नहीं लगती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।


