खबर डिजिटल/ आयरलैंड की राजधानी डबलिन स्थित भारतीय राजदूतावास में 19 दिसंबर 2025 को अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय Arunachal Pradesh, Manipur and Meghalaya की संस्कृति और पर्यटन को समर्पित एक भव्य विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पहली बार इन तीनों पूर्वोत्तर राज्यों पर केंद्रित था और राजदूतावास की ‘स्टेट कल्चरल इवेंट सीरीज़’ पहल का हिस्सा रहा, जिसका उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता, बहुआयामी विविधता और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है। अब तक इस श्रृंखला के तहत 22 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, पाककला, शिल्प और पर्यटन विरासत को दर्शाती एक आकर्षक मल्टीमीडिया प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनमें अरुणाचल प्रदेश का न्यिशी नृत्य, मणिपुर का समकालीन फ्यूजन नृत्य “नुंगोले नुंगोले”, शास्त्रीय नृत्य “राधा अभिसार” और मेघालय का खासी नृत्य “सतलक पिरथाई” शामिल रहे। कार्यक्रम में मणिपुरी कविता पाठ के साथ-साथ इन राज्यों के पारंपरिक हस्तशिल्प और सांस्कृतिक कलाकृतियों का प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर आयरलैंड में भारत के राजदूत अखिलेश मिश्र ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले डबलिन स्थित छोटे लेकिन सक्रिय भारतीय प्रवासी समुदाय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पूर्वोत्तर राज्यों के आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इससे अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय के लिए बेहतर एयर कनेक्टिविटी के माध्यम से उच्च श्रेणी के पर्यटकों को आकर्षित करने और ऑर्गेनिक, हर्बल, औषधीय व खाद्य उत्पादों के निर्यात के नए अवसर खुल रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में राजदूत मिश्र ने सभी कलाकारों को उनकी सहभागिता के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए।
