उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ लौटी कॉलेज के पास स्थित लगभग 80 साल पुरानी और 150 फीट ऊंची ऐतिहासिक चिमनी को आज नगर निगम द्वारा जमींदोज कर दिया गया। 36 फीट चौड़ाई वाली यह विशाल संरचना पूर्व में संचालित एक मिल का हिस्सा थी। लंबे समय से देखरेख के अभाव में यह चिमनी जर्जर अवस्था में पहुँच चुकी थी, जिससे क्षेत्र में बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
खतरे को पूरी तरह से टाला
जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, आज ब्लास्टिंग एक्सपर्ट शरद सरवटे के मार्गदर्शन में इसे गिराने की सफल कार्यवाही की गई। इस ऑपरेशन के दौरान नगर निगम के अधीक्षण यंत्री संतोष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री श्री लक्ष्मण प्रसाद साहू, उप यंत्री मुकुल मेश्राम और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर तैनात रही। सावधानीपूर्वक किए गए इस नियंत्रित ब्लास्ट से अब संभावित खतरे को पूरी तरह टाल दिया गया है।
आने वाले वक्त में भी जारी रहेगी कार्रवाई
इस तरह के जर्जर और पुराने निर्माण को लेकर सर्वे कराया जा रहा है, कहा गया है कि इस तरह के निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी, जिसको लेकर जल्द सूची जारी की जाएगी।


