खबर डिजिटल कटनी– पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में ढीमरखेड़ा पुलिस द्वारा नववर्ष के अवसर पर नशे के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।नववर्ष के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, ढाबों, होटल-रेस्टोरेंट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है।पुलिस द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य वैधानिक धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष का उत्सव शालीनता, संयम एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं। नशे से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नागरिकों की सहभागिता से ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण नववर्ष सुनिश्चित किया जा सकता है।
नववर्ष के पूर्व नशे के विरुद्ध ढीमरखेड़ा पुलिस का विशेष अभियान
सम्बंधित ख़बरें


