उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा आज धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में मत्था टेका। नुसरत ने ब्रह्म मुहूर्त में होने वाली अलौकिक भस्म आरती में सम्मिलित होकर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धा का उमड़ा सैलाब
भस्म आरती के दिव्य दर्शनों के बाद वे काफी अभिभूत नजर आईं। मंदिर की परंपराओं के अनुसार, दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इंजीनियर शिवकांत पांडे ने उनका आत्मीय स्वागत और सत्कार किया।
नुसरत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
उज्जैन का महाकाल मंदिर न केवल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, बल्कि यहां अक्सर फिल्मी जगत की हस्तियां भी भक्ति भाव से सराबोर नजर आती हैं। नुसरत की इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।


