P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Friday, April 17, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशपड़रभटा के शिवशक्ति वेयरहाउस में समिति प्रबंधक का दबदबा, उपार्जन केंद्र में...

पड़रभटा के शिवशक्ति वेयरहाउस में समिति प्रबंधक का दबदबा, उपार्जन केंद्र में अनियमितताओं से किसान परेशान

पड़रभटा शिवशक्ति वेयरहाउस में अनियमितता, समिति प्रबंधक से किसान परेशान

अंकित झारिया | डिजिटल खबर:- स्लीमनाबाद तहसील अंतर्गत पड़रभटा स्थित शिवशक्ति वेयरहाउस में संचालित उपार्जन केंद्र में भारी अनियमितताओं के चलते किसान खासे परेशान हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्र प्रभारी होने के बावजूद वास्तविक संचालन समिति प्रबंधक के इशारों पर किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, उपार्जन केंद्र के प्रभारी विक्रेता बालगोविंद दुबे हैं, लेकिन केंद्र का संचालन प्राथमिक कृषि साख समिति पड़रभटा के समिति प्रबंधक दिनेश द्विवेदी द्वारा किया जा रहा है। स्थिति यह है कि केंद्र प्रभारी बाहर रहते हैं, जबकि समिति प्रबंधक कार्यालय के भीतर कुर्सी जमाए बैठे रहते हैं। शुक्रवार को उपार्जन केंद्र में नोडल अधिकारी भी नदारद रहे। इस दौरान अमानक उपज की तौल किए जाने और व्यापारियों की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
उपार्जन केंद्र पहुंचे किसानों ने बताया कि उपज की तौल के दौरान उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। कभी सर्वर डाउन होने तो कभी दस्तावेजों में कमी का हवाला देकर किसानों को कई दिनों तक भटकाया जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि केंद्र प्रभारी और समिति प्रबंधक का व्यवहार तानाशाहीपूर्ण है। दोनों अपनी मनमानी पर उतारू हैं। धान की खरीदी के बाद भी उपज का समुचित भंडारण नहीं किया जा रहा है। वेयरहाउस परिसर में उपज का अंबार लगा हुआ है, लेकिन सुरक्षित भंडारण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। किसानों की उपज खुले आसमान के नीचे रखी गई है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम बदला और बारिश हुई, तो उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद हो जाएगी, जबकि जिम्मेदारी उन्हीं पर थोप दी जाएगी।

जांच की मांग:- किसानों ने आरोप लगाया कि समिति प्रबंधक द्वारा उन्हें डराया-धमकाया जाता है। कुछ किसानों का कहना है कि समिति प्रबंधक के पास आय से अधिक संपत्ति है और पूर्व की खरीदी प्रक्रियाओं में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गई हैं। वर्तमान में खरीदी कम होने से प्रबंधक बौखलाए हुए हैं और केंद्र में लगातार डेरा डाले हुए हैं। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

इनका कहना है:-
इस संबंध में शिवशक्ति वेयरहाउस पड़रभटा के उपार्जन केंद्र प्रभारी बालगोविंद दुबे ने बताया कि वे पिछले 5–6 दिनों से केंद्र नहीं जा रहे हैं, इसलिए उन्हें वर्तमान स्थिति की पूरी जानकारी नहीं है। वहीं बहोरीबंद एसडीएम राकेश चौरसिया ने कहा कि वे स्वयं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण करेंगे और जो भी स्थिति सामने आएगी, उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट